पानीपत पुलिस
16 सितंबर 2026
*कार से 3.80 लाख रुपए चोरी करने के चार आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख रुपए व वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद*
पानीपत, 16 सितंबर ( ) पानीपत पुलिस ने एनएफएल नाका के नजदीक कंपनी से कार में सवार होकर घर लौट रहे युवक को झगड़े में उलझाकर कार से 3.80 लाख रुपए चोरी करने की वारदात को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी में से 1 लाख रुपये व वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीर कॉलोनी सिवाह निवासी साहिल, साजिद व काला तथा राक्सेड़ा निवासी वाजिद के रूप में हुई है।
डीएसपी यातायात सुरेश कुमार सैनी ने बुधवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान मामले की जानकारी देते हुए बताया कि थाना मॉडल टाउन में विकास नगर निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र दिनानाथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह सीताराम कंपनी लोहारी व विली कंपनी आसन कलां में करीब तीन साल से शिफ्ट इंचार्ज के पद पर कार्यरत है।
वह 7 सितंबर को सीताराम कंपनी के मालिक से लेबर की पेमेंट के 8 लाख 2 हजार रुपए लेकर आया था। इनमें से 4 लाख रुपए उसने बिरमी कंपनी आसन कलां में ठेकेदार को दे दिए। बाकी 4 लाख 2 हजार रुपए कार में रखकर वह शाम करीब 6 बजे आसन कलां कंपनी से घर लौट रहा था। रास्ते में राहतक फाटक एनएफएल नाका के पास पहुंचने पर उसकी कार के आगे चल रहे हरे रंग के ऑटो से टकरा गई। ऑटो में पांच युवक सवार थे।
युवकों ने रुकवाकर उसके साथ बहस व बदसलूकी शुरू कर दी। दो युवक उसके साथ बहस करने लगे, जबकि तीन युवक कार के चारों तरफ घूमने लगे। इसी दौरान युवकों ने कार की पिछली सीट पर रखी पॉलिथिन से रुपए निकाल लिए। हड़बड़ाहट में 22 हजार रुपये कार में ही गिर गए, जबकि आरोपी 3.80 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। भूपेंद्र सिंह की शिकायत पर थाना मॉडल टाउन में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
डीएसपी सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए टू प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल व उनकी टीम को सौंपी थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से जाने वाले विभिन्न मार्गों पर व आसपास लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में ऑटो दिखाई दिया। पुलिस ने अपने सभी सोर्स सक्रिय करते हुए मंगलवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर रिफाइनरी पुल के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान साहिल, साजिद व काला निवासी पीर कॉलोनी सिवाह तथा वाजिद निवासी राक्सेड़ा के रूप में बताई।
डीएसपी सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चारों नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए चारों आरोपियों ने मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है और उनके खिलाफ लड़ाई-झगड़े के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी में से 1 लाख रुपए व वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद कर चारों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी साजिद व वाजिद का न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी साहिल व काला
को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ बची हुई चोरी की नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी।
Israna, Panipat | Sep 16, 2026