गाजीपुर में त्योहारों की सुरक्षा को लेकर हाईलेवल बैठक, एसपी ने दिए कड़े निर्देश
धनतेरस, दीपावली और डाला छठ को लेकर राइफल क्लब में हुई समीक्षा बैठक, बाजारों से लेकर छठ घाटों तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
गाजीपुर, 04 नवंबर 2026। आगामी धनतेरस, दीपावली एवं डाला छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राइफल क्लब सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक गाजीपुर विनय कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी ने की। इस दौरान त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सूचना तंत्र मजबूत रखने और विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। धनतेरस और दीपावली पर मुख्य बाजारों, सर्राफा दुकानों, कपड़ा मार्केट और भीड़भाड़ वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों में महिला पुलिसकर्मियों, एंटी रोमियो स्क्वाड एवं अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सघन पैदल गश्त कराने को कहा गया।
पटाखों की दुकानों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। दुकानों को केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित खुले मैदानों और चिन्हित स्थानों पर ही संचालित करने तथा रिहायशी इलाकों में पटाखों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित कराने को कहा गया। सभी दुकानों पर अग्निशमन उपकरण, बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए।
वहीं, डाला छठ पर्व को देखते हुए अधिकारियों को नदी घाटों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ गोताखोरों और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए रूट डायवर्जन एवं पार्किंग की विशेष व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति और विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को भी कहा गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर जिलाधिकारी, जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।