#गाजीपुर: एनएच-24 पर गिरा निर्माण का भारी-भरकम लोहे का ढांचा, बाल-बाल बचा बाइक सवार
गाजीपुर जनपद के रजागंज पुलिस चौकी के पास एनएच-24 पर बुधवार देर शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। व्हीकल फ्लाईओवर निर्माण के दौरान पी-2 साइड पर पिलरों के निर्माण के लिए लगाया गया भारी-भरकम लोहे का ढांचा अचानक हाईवे के बीचोंबीच गिर पड़ा।
गनीमत रही कि उसी समय वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। लोहे का विशाल ढांचा बाइक सवार के ठीक बगल में गिरा। कुछ सेकेंड का भी अंतर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढांचा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद निर्माण कार्य करा रही संस्था के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने कर्मचारियों से जानकारी ली। इसके बाद गिरे हुए लोहे के ढांचे को हाईवे से हटाकर किनारे कराया गया।
स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस व्यस्त हाईवे से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, इसके बावजूद निर्माण कार्य के दौरान राहगीरों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आते।
लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परियोजना निदेशक ने दिए जांच के निर्देश
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अजय सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। यदि ऐसी घटना हुई है तो इसकी जांच कराकर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखने के निर्देश भी दिए जाएंगे। #GhazipurNews #BreakingNews