छतरपुर के महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर बुंदेलखंड छात्र संगठन ने अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया , प्रदर्शन के दौरान आखों में काली पट्टी बांधकर दंड भरते हुए प्रदर्शन किया और कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर सात सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की है।संगठन के अनुसार, विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले 10 हजार से अधिक विद्यार्थी विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं।ज्ञापन में कर्मशिला भवन के निर्माण की गुणवत्ता की उच्च स्तरीय जांच कराने, पिछले पांच से छह वर्षों से कार्यरत अनुभवी अतिथि विद्वानों को दोबारा सेवा में लेने और बीए, बीएससी एवं बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।इसके अलावा शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने, विश्वविद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पिछले करीब दो महीने से खाली पड़ी छात्रवृत्ति शाखा में कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की गई है।वहीं, सेमेस्टर प्रणाली लागू होने के बाद परीक्षा शुल्क से विद्यार्थियों पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ को कम कर राहत देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र संगठन की इन सात सूत्रीय मांगों पर क्या कदम उठाता है और विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान कब तक हो पाता है।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर