छतरपुर के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस की छत से करीब 500 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए हैं...जब्त पटाखों की कीमत 1 लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कंडक्टर के खिलाफ बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।,मामला लवकुशनगर थाना क्षेत्र का है। नमन बस कंपनी की एक यात्री बस लवकुशनगर से सतना जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बस की छत पर सात बोरियों में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बस को रोककर जांच की, तो छत पर रखी बोरियों से करीब 500 किलो पटाखे बरामद हुए।,एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि बस के कंडक्टर ने अधिक भाड़े के लालच में बालकिशन गुप्ता नामक व्यक्ति से ये पटाखे लिए थे और यात्रियों की जान जोखिम में डालकर अवैध तरीके से परिवहन कर रहा था। पुलिस ने सभी पटाखे जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।,दिवाली के त्योहार को देखते हुए पुलिस नौगांव और लवकुशनगर क्षेत्र में अवैध पटाखा परिवहन पर लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस ने बस संचालकों और पटाखा व्यापारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है और चेतावनी दी है कि अवैध और खतरनाक तरीके से पटाखों का परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर