’’मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’’ एवं ‘‘सेवा संकल्प अभियान‘‘ के तहत चिंचगोहन में शिविर संपन्न
---
‘‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान‘‘ एवं ‘‘सेवा संकल्प अभियान‘‘ के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान के तहत शनिवार को छैगांवमाखन ब्लॉक के ग्राम चिंचगोहन में शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा से संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार ग्रामीणों के बीच पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने क्षेत्र में हुए सड़क, सिंचाई, बिजली और कृषि विकास का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण को सभी की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि वर्षा जल की एक-एक बूंद बचाने और पौधों को पेड़ बनाने का संकल्प लेकर सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने कहा कि सरकार आपके द्वार अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्त करना है। शिविर में ही पंजीयन एवं योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा क्षेत्र में जारी विकास कार्यों का उल्लेख किया।
महापौर श्रीमती अमृता यादव ने कहा कि शिक्षा और महिला सशक्तिकरण देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने से परिवार और समाज मजबूत होगा। उन्होंने नागरिकों से शिविर का लाभ लेने तथा अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की।
शिविर में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने ग्रामीणों से विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में बी.पी. सुगर हेमोगलोबिन की जांच के साथ में टीवी की जांच के लिये एक्सरे भी करवाएं। उन्होंने ग्रामीण अपने घर के पानी का नमूना लाकर निःशुल्क जांच कराएं। महिलाओं को आंगनबाड़ी शिविर में पहुंचकर टेक होम राशन से पौष्टिक व्यंजन बनाने की जानकारी लेने तथा राजस्व संबंधी लंबित मामलों के निराकरण के लिए राजस्व शिविर का लाभ लेने की बात कही। उन्होंने श्रम मानधन योजना की जानकारी देते हुए किसानों से पारंपरिक खेती के साथ खीरा, टमाटर जैसी उद्यानिकी फसलों को अपनाकर आय बढ़ाने का आग्रह किया। इस दौरान शिविर में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल, पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी वानखेड़े, नगर निगम महापौर श्रीमती अमृता यादव, जनपद अध्यक्ष श्री महेंद्र सावनेर, जिला अध्यक्ष श्री राजपाल तोमर ,कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऐश्वर्या वर्मा, अपर कलेक्टर श्री क्षितिज शर्मा, ग्राम चिचगोहन की सरपंच श्रीमती आरती पटेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्कूटी वितरत की गई। मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत काकरिया समूह को स्वीकृति प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र, दिव्यांग प्रमाण-पत्र तथा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश, 6 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा टीबी मरीजों को निश्चय पोषण सामग्री का वितरण किया गया। शिविर में 305 आवेदनों प्राप्त आए और 246 आवेदनों का निराकरण शिविर स्थल पर ही किया।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#Khandwa