विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाएं
दिशा समिति की बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
उरई (जालौन)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक शुक्रवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सांसद नारायणदास अहिरवार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न योजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।
उन्होंने योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन की नियमित निगरानी पर जोर देते हुए जिला स्तरीय निरीक्षण टीमें गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की अद्यतन प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने को कहा। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
सांसद ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही अथवा अनियमितता मिलने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो।
बैठक में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, सदर एवं कालपी विधायक के प्रतिनिधि, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Orai, Jalaun | Aug 21, 2026