जनसमस्याओं के समाधान में दिखी तत्परता, डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
17 शिकायतों में 11 का मौके पर निस्तारण, शेष के लिए पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीमें भेजीं
उरई (जालौन)। थाना कुठौंद में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष छह शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजी गईं। डीएम ने निर्देश दिए कि टीमें मौके पर जाकर दोनों पक्षों की समस्याएं सुनें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी फरियादी की शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि थाना समाधान दिवस पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिस अधिकारी फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को त्वरित राहत मिल सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राकेश सोनी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Aug 22, 2026