छात्र सत्याग्रह की बड़ी जीत! 8 दिन बाद टूटा अनशन, सांसद राजभूषण निषाद ने जूस पिलाकर कराया समाप्त; हॉस्टल समेत मांगों पर लिखित आदेश जारी।
मुजफ्फरपुर में लंगट सिंह महाविद्यालय और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के छात्रों का आठ दिनों से जारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गया। छात्र अधिकारों और 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 170 घंटे से अधिक समय से चल रहे इस आंदोलन का समापन सांसद डॉ. राजभूषण निषाद और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।
आंदोलन के आठवें दिन विश्वविद्यालय परिसर में दिनभर मैराथन वार्ताओं और स्थल निरीक्षण का दौर चला। नगर आयुक्त, एसडीएम, सिटी एसपी, आईपीएस अधिकारी, डीएसपी, थानाध्यक्ष और दंडाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। छात्र प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच करीब पांच से छह दौर की बातचीत हुई।
निर्णायक मोड़ तब आया जब सांसद डॉ. राजभूषण निषाद धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने अनशनकारी छात्रों से बातचीत के बाद कुलपति आवास पहुंचकर विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ वार्ता की। इसके बाद छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने और अन्य मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की लिखित अधिसूचना जारी की गई।
सांसद ने छात्रों की सभी मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया। इसके बाद सांसद और अधिकारियों ने दोनों अनशनकारी छात्रों को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। आंदोलन खत्म होते ही परिसर ‘छात्र एकता जिंदाबाद’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
#TirhutNow #Muzaffarpur #StudentSatyagraha #RajbhushanNishad #BRABU