प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए गांवों का विकास आवश्यक:- सांसद कार्तिकेय शर्मा
- चैपाल में शिक्षा, खेल और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने पर रहेगा जोर
- बहुअकबरपुर में सेन एवं ब्राह्मण समाज की संयुक्त चैपाल के लिए दिए 10 लाख रुपये
- 36 बिरादरी के बच्चों के लिए एआई और प्रतियोगी परीक्षाओं की स्मार्ट क्लास शुरू करने का प्रस्ताव
- युवाओं को फुटबॉल प्रशिक्षण और महिलाओं की स्वास्थ्य जांच के लिए एंबुलेंस भेजने का दिया आश्वासन
- सामाजिक एकता, नशामुक्ति और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की जरूरत:- पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा
रोहतक, 11 अक्टूबर। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बहुअकबरपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में सेन एवं ब्राह्मण समाज की संयुक्त चैपाल के निर्माण के लिए अपनी ओर से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं का उपयोग केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहकर शिक्षा, रोजगार और खेलों के माध्यम से युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए भी किया जाना चाहिए।
कार्तिकेय शर्मा ने चैपाल में 36 बिरादरी के बच्चों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), टीजीटी तथा एचसीएस और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्मार्ट क्लास स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इसके लिए स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर, एयर कंडीशनिंग सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और अपनी संस्था के माध्यम से कक्षाओं के संचालन में सहयोग देने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या चाहे पांच हो या बीस, उन्हें गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए गांवों का विकास आवश्यक है। समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही विकास के लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित न रखते हुए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए भी प्रोत्साहित करने की जरूरत बताई।
बाॅक्स:-
युवाओं को फुटबॉल प्रशिक्षण और महिलाओं को स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी:-
कार्तिकेय शर्मा ने बहुअकबरपुर के युवाओं को फुटबॉल प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच देने की है। इसके लिए फुटबॉल विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं से संपर्क करवाने तथा युवाओं को जूनियर फुटबॉल लीग में भाग लेने के अवसर उपलब्ध करवाने में सहायता की जाएगी। उन्होंने खेलों को युवाओं को नशे से दूर रखने और सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम बताया।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर जोर देते हुए उन्होंने नमो शक्ति रथ कार्यक्रम के तहत बहु अकबरपुर और आसपास के गांवों में स्वास्थ्य जांच के लिए एंबुलेंस भेजने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि परिवार की जिम्मेदारियों के कारण कई बार महिलाएं अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं, जबकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान से उचित उपचार में मदद मिल सकती है।उन्होंने बताया कि नमो शक्ति रथ कार्यक्रम के तहत लगभग 40 एंबुलेंस के माध्यम से स्वास्थ्य जांच की जा रही है और उनके अनुसार, हरियाणा सहित देशभर में अब तक लगभग दो लाख जांचें पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।
कार्यक्रम के दौरान मोखरा मंडल अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ ने गांव के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग रखी। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने गांव के विकास से जुड़ी मांगों को उचित मंच पर उठाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सहयोग का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों से सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए सभी बिरादरियों को साथ लेकर चलने का आह्वान किया।
बाॅक्स:-
रामचंद्र जांगड़ा ने सामाजिक समरसता और नशामुक्ति को बताया जरूरी:-
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कार्तिकेय शर्मा के साथ राज्यसभा में अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कार्तिकेय शर्मा ने सदन में किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया है। रामचंद्र जांगड़ा ने बहुअकबरपुर को ऐतिहासिक एवं आर्य समाज की परंपराओं से जुड़ा गांव बताते हुए सभी वर्गों से सामाजिक कार्यों में मिलकर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए जाति-पंथ से ऊपर उठकर एकजुटता के साथ काम करना आवश्यक है।
युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज और परिवारों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। युवाओं को शिक्षा, खेल और अच्छे संस्कारों से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। उन्होंने गांव की विकास संबंधी मांगों को आगे बढ़ाने में सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में महंत सतीश दास, डॉ. आनंद शर्मा, मोखरा मंडल अध्यक्ष मुकेश वशिष्ठ, अटगामा प्रधान धर्मवीर, बहु अकबरपुर सरपंच प्रतिनिधि सत्यवान, वीरेंद्र बल्हारा, पूर्व सरपंच कर्मवीर, विजयपाल शर्मा मास्टर, टिंकू, मुरली वाल्मीकि, मेहर सिंह, जगदीश शास्त्री, राजवीर शर्मा, विजय दुबलधन, रणवीर सेन, देवी राम, ईश्वर शर्मा, खुश्लेष वशिष्ठ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
फोटो: 04 से 11
0 0 0 0 0 0 0 0
Uklana, Hissar | Oct 11, 2026