बारिश में बहा खभरा का पुल, प्रशासन ने संभाली कमान; आवागमन बहाल करने को निर्माण कार्य शुरू
कौशाम्बी। नेवादा विकासखंड के तिल्हापुर ग्रामसभा स्थित खभरा गांव को दुर्गापुर से जोड़ने वाला पुल बारिश में बह जाने के बाद प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से लिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद मौके पर टीम पहुंची और पुल के निर्माण एवं आवागमन बहाल करने का कार्य शुरू करा दिया गया है।
लगातार बारिश के कारण पुल क्षतिग्रस्त होने से खभरा गांव का दुर्गापुर से संपर्क टूट गया था। ग्रामीण खेतों के रास्ते आवागमन करने को मजबूर थे। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही थी।
मामले को उपजिलाधिकारी चायल प्रेरणा गौतम ने संज्ञान में लेते हुए मौके पर टीम भेजी। नायब तहसीलदार सौरभ सिंह के अनुसार लेखपाल संदीप और धर्मेंद्र मौके पर मौजूद रहकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार भी अपनी टीम के साथ मौजूद दिखाई दिए!