पंचकूला पुलिस ने अवैध देसी कट्टे के साथ युवक को किया गिरफ्तार, तीन दिन के पुलिस रिमांड में आरोपी से हथियार नेटवर्क को लेकर होगी गहन पूछताछ
पंचकूला/ 19 सितंबर:- पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने और हथियारों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-2 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार क्राइम ब्रांच-2 की टीम को 18 सितंबर को गुप्त सूचना मिली कि राजीव कॉलोनी, सेक्टर-17 निवासी 23 वर्षीय सम्राट सिंह अपने पास अवैध हथियार रखता है और इस समय सेक्टर-15 की बूथ मार्केट के पास खाली ग्राउंड में किसी साथी के इंतजार में खड़ा है। सूचना के आधार पर इंचार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी से हथियार का लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इस संबंध में थाना सेक्टर-14 पंचकूला में आरोपी सम्राट सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार आरोपी को आज अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से हथियार के स्रोत, सप्लायर नेटवर्क, अन्य आरोपियों और हथियारों की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जाएगी।
Uklana, Hissar | Sep 19, 2026