*नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान के तहत नशा मुक्ति टीम ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को किया जागरूक*
*– गांव बीराबदी में स्कूल सेमिनार, नुक्कड़ सभा और घर-घर संपर्क अभियान चलाकर नशे से दूर रहने का दिया संदेश*
फतेहाबाद, 20 सितंबर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे *ऑपरेशन जीवन ज्योति* के तहत नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद द्वारा गांव बीराबदी में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों, आमजन एवं पंचायत सदस्यों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
नशा मुक्ति टीम ने एसआई सुंदरलाल के कुशल नेतृत्व में गांव बीराबदी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इस दौरान विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ भी दिलाई गई।
इसके अलावा गांव में नुक्कड़ सभा आयोजित कर आमजन एवं पंचायत सदस्यों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। टीम ने लोगों से अपील की कि वे नशे की रोकथाम के लिए पुलिस का सहयोग करें तथा अपने आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें।
अभियान के दौरान टीम द्वारा पूर्व चिन्हित नशा पीड़ितों के घर-घर जाकर उनसे एवं उनके परिजनों से संपर्क किया गया। उन्हें नशा मुक्ति शिविर में उपलब्ध उपचार एवं काउंसलिंग की सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान 03 नए नशा पीड़ितों को भी चिन्हित किया गया। काउंसलिंग के बाद उन्हें नशा मुक्ति शिविर में पहुंचकर उपचार लेने के लिए प्रेरित किया गया।
फतेहाबाद पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को उपचार, काउंसलिंग और परिवार के सहयोग की आवश्यकता होती है। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
Uklana, Hissar | Sep 20, 2026