दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज से लेकर राहुल गांधी के दौरे तक बोले आर्यन देव उनियाल, “छात्रों की पीड़ा समझते हैं, लेकिन आंदोलन का राजनीतिकरण गलत”
मसूरी। सीजेपी परीक्षा प्रकरण को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन और देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्रीआर्यन देव उनियाल ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन कुछ संगठन छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं।
आर्यन देव उनियाल ने कहा कि वह स्वयं छात्र जीवन से जुड़े रहे हैं और छात्रों की पीड़ा को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रकरण सामने आने के बाद सरकार ने तत्काल कदम उठाए, मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई, री-एग्जाम कराया गया और उसका परिणाम भी घोषित किया जा चुका है। ऐसे में अब आंदोलन को मूल मुद्दे से भटकाकर राजनीतिक मंच में बदलना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आज जो वामपंथी और विभिन्न राजनीतिक संगठन छात्रों के समर्थन में मैदान में उतर रहे हैं, वे उस समय कहां थे जब मामले की जांच और कार्रवाई चल रही थी। उनका आरोप था कि कुछ लोग युवाओं की भावनाओं को भड़काकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने का प्रयास कर रहे हैं।
देहरादून में राहुल गांधी के छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम को लेकर आर्यन देव उनियाल ने कहा कि भाजपा को उनके दौरे से कोई राजनीतिक चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम से भाजपा घबरा गई, जबकि वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल को लेकर जो विवाद खड़ा किया गया, वह तथ्यों पर आधारित नहीं है। जिस दिन राहुल गांधी का कार्यक्रम था, उसी समय देहरादून में लोक संस्कृति संवर्द्धन से जुड़े कार्यक्रम पहले से निर्धारित थे और कई दिनों से आयोजित किए जा रहे थे। ऐसे में अनुमति को लेकर लगाए जा रहे आरोप केवल राजनीतिक बयानबाजी हैं।
आर्यन देव उनियाल ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता विकास और सुशासन के आधार पर भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता स्वयं तय करेगी कि किसकी बातों में दम है और किसने केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को हवा देने का प्रयास किया। भाजपा युवाओं, छात्रों और आम जनता के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार हर संवेदनशील मुद्दे पर जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है।
#landslide #BJPGovernment #ganesh #mussoorie #dehradun
Mussoorie, Dehradun | Jul 23, 2026