सेवा संकल्प अभियान 2026 : वीर सैनिकों एवं अभिभावकों का सम्मान समारोह हुआ आयोजित
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान कर राष्ट्र सेवा में योगदान को किया नमन
==============================
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में वीर सैनिक एवं अभिभावक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला सैनिक कल्याण बोर्ड छिन्दवाड़ा श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में जिले के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों का सम्मान कर राष्ट्र की रक्षा और सेवा में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शेषराव यादव, श्री विजय पांडे, श्री धर्मेन्द्र मिगलानी एवं श्री अंकुर शुक्ला उपस्थित सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमाण्डर श्री देवेन्द्र सिंह तोमर, प्रभारी एसडीएम छिन्दवाड़ा श्री पुष्पेंद्र निगम, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल एवं श्री राजेश मरावी सहित अन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं उनके परिजन उपस्थित थे। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा उपस्थित पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों का शॉल, श्रीफल एवं पुष्पहार से स्वागत कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए श्री शेषराव यादव ने कहा कि जिले के पूर्व सैनिकों के अनुभवों को एकत्रित किया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से सीखने और राष्ट्र सेवा की भावना को समझने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है कि छिन्दवाड़ा जिले में बड़ी संख्या में ऐसे पूर्व सैनिक हैं, जिन्होंने देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव, समर्पण और अनुशासन से युवाओं को प्रेरणा मिल सकती है। पूर्व सैनिकों के जीवन के अनुभवों को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज और देश के लिए उपयोगी होगा।
एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नई पीढ़ी के लिए पूर्व सैनिकों का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण है। सेना में सेवा के दौरान विकसित अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समयपालन और राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे गुण युवाओं के जीवन को सही दिशा देने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक अपने अनुभवों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही नशामुक्ति के प्रयासों में भी पूर्व सैनिकों का सहयोग उपयोगी होगा। उनके मार्गदर्शन से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और समाज में जागरूकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
जिले के वीर सपूतों के बलिदान को किया याद- समारोह में देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। छिन्दवाड़ा की वीरभूमि ने अनेक ऐसे सपूतों को जन्म दिया है, जिन्होंने अपने साहस और कर्तव्यनिष्ठा से देश का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर शहीद सिपाही लालमन कठोडे, मेजर अमित ठेंगे, सिपाही भरत यादववंशी, कॉर्पोरल विक्की पहाड़े तथा कांस्टेबल कबीरदास उइके के परिवारजन भी उपस्थित थे। वीर सैनिकों के परिवारों की उपस्थिति ने समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया। उपस्थित अतिथियों ने देश की रक्षा में सैनिकों के त्याग, साहस और समर्पण को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
जिले में 621 पूर्व सैनिक और 2500 आश्रित निवासरत- जिले में वर्तमान में 621 पूर्व सैनिक, 4 वीर नारियां, द्वितीय विश्व युद्ध की एक वीरांगना तथा लगभग 2500 परिजन एवं आश्रित निवासरत हैं। जिले के पूर्व सैनिकों ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध, कारगिल युद्ध और विभिन्न आतंकवाद विरोधी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनका अनुभव, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
PMO India Dr Mohan Yadav CM Madhya Pradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh