#कहानी_बदलाव_की
गेंदे की खेती से महिला कृषक इन्दिरा भादे ने कम भूमि में अर्जित की बेहतर आय
11 हजार रुपये की लागत से गेंदे की खेती कर प्राप्त की 1.50 लाख रुपये से अधिक की सकल आय
============================
जिले के विकासखण्ड मोहखेड़ के ग्राम चारगांव करबल की महिला कृषक श्रीमती इन्दिरा भादे ने उद्यानिकी खेती को अपनाकर कम कृषि भूमि में बेहतर आय अर्जित करने का उदाहरण प्रस्तुत किया है। सीमित भूमि में आधुनिक कृषि तकनीकों और उचित फसल प्रबंधन के जरिए उन्होंने गेंदे की खेती से अच्छी आमदनी प्राप्त की। उनकी यह सफलता अन्य महिला किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है।
ड्रिप सिंचाई और वैज्ञानिक पद्धति से की गेंदे की खेती
श्रीमती इन्दिरा भादे के पास कुल 0.241 हेक्टेयर कृषि भूमि है। वे उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर खेती करती हैं। उनके खेत में ड्रिप सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, जिससे पानी की बचत के साथ फसल प्रबंधन में भी सहायता मिलती है। जनवरी 2026 में उन्होंने अपने खेत के लगभग 0.120 हेक्टेयर क्षेत्र में गेंदे की सनसाईन यलो किस्म की खेती की। पौधरोपण सहित अन्य कृषि कार्यों पर उन्हें लगभग 11 हजार रुपये की लागत आई।
40 क्विंटल फूलों के उत्पादन से मिली बेहतर आमदनी
उचित देखभाल, सिंचाई और फसल प्रबंधन के परिणामस्वरूप श्रीमती भादे को लगभग 40 क्विंटल गेंदे के फूलों का उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में फूलों का विक्रय 40 से 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से किया गया, जिससे उन्हें 1.50 लाख रुपये से अधिक की सकल आय प्राप्त हुई। लगभग 11 हजार रुपये की लागत घटाने के बाद उनकी शुद्ध आय 1.39 लाख रुपये से अधिक रही।
श्रीमती इन्दिरा भादे के अनुसार, उद्यानिकी फसलों की खेती से कम भूमि में भी अच्छी आय प्राप्त की जा सकती है। ड्रिप सिंचाई और समय पर फसल प्रबंधन से उत्पादन लागत को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। उनकी सफलता दर्शाती है कि आधुनिक कृषि तकनीकों और उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन का लाभ लेकर महिला किसान भी अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Department of Horticulture, Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
@Jansampark Madhya Pradesh