आईपीएस कॉलेज छिंदवाड़ा में साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव और सड़क सुरक्षा का दिया संदेश
================================
मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी, आईपीएस कॉलेज एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में परासिया रोड स्थित आईपीएस कॉलेज छिंदवाड़ा में आज साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संयोजक श्री संदीप अग्निहोत्री एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ. जैमिनी खानवे की पहल पर किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करना, यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करना था। कार्यक्रम जिला कलेक्टर, जिला पुलिस अधीक्षक एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में साइबर सेल प्रभारी टीआई श्रीमती कंचन सिंह राजपूत, साइबर एक्सपर्ट एसआई श्री अभिषेक ठाकुर, यातायात प्रभारी श्री संदीप सुनेश, आरआई श्री लाखन सिंह बघेल, सूबेदार श्री लोहित शेंडे एवं श्री संदीप अग्निहोत्री उपस्थित थे।
साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी - टीआई श्रीमती कंचन सिंह राजपूत एवं साइबर एक्सपर्ट एसआई श्री अभिषेक ठाकुर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा बैंकिंग संबंधी ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा डिजिटल लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील - यातायात प्रभारी श्री संदीप सुनेश एवं श्री लोहित शेंडे ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने की समझाइश दी।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा एवं प्रवक्ता श्री डीएस चौरे ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी और नागरिक के लिए आवश्यक है। जागरूकता एवं सतर्कता के माध्यम से ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है। वहीं, यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को सही जानकारी देकर जागरूक करना और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी समाजसेवा, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था का उद्देश्य जागरूकता को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि समाज में सुरक्षा, सेवा और पर्यावरण संरक्षण की भावना मजबूत हो।
पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश - कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा हरित वातावरण के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल एवं संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में आईपीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जैमिनी खानवे, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ समाजसेवी श्री विनोद तिवारी, संस्था उपाध्यक्ष सुश्री आराधना शुक्ला, प्रवक्ता डॉ. डीएस चौरे, विधि सलाहकार श्री मुकेश दीक्षित, परामर्शदाता डॉ.लता नागले, श्री कमलेश डेहरिया, श्रीमती उर्मिला सिंह, श्रीमती मंजू डेहरिया, डॉ. मीरा पराड़कर, श्री नितिन गडकरी, श्रीमती दीप्ति नाग सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री रितेश मालवीय, श्री अमित गजभिए, डॉ. झा, श्री विनोद साहू, श्रीमती अनु झा, डॉ. हंसा राजपूत, श्री सोमेश मिश्रा, श्री असीम, श्री मोहित एवं श्री पंकज चौरसिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत संचालित सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी, नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, परामर्शदाता, आईपीएस कॉलेज के प्रोफेसर, विद्यार्थी एवं प्रबुद्धजन शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थितजनों को साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री रितेश मालवीय ने किया। अंत में संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों, पुलिस विभाग के अधिकारियों, साइबर विशेषज्ञों, कॉलेज प्रबंधन, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh