#भरतपुर। जिले के नदबई स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र श्री बाबू बाबा मंदिर में दो दिवसीय मेले का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने हरी झंडी दिखाकर कलश यात्रा को रवाना किया। जयकारों और धार्मिक भजनों के साथ गांव के विभिन्न मार्गों से निकली यात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। मेला कमेटी के सचिव रामकिशन गुर्जर ने बताया कि शनिवार शाम को मंदिर परिसर में गायत्री परिवार के सहयोग से महादीप यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वहीं, रविवार को ध्वजा पूजन के बाद 56 भोग और फूल बंगला झांकी के दर्शन होंगे। साथ ही महाआरती, अन्नकूट प्रसादी, रागनी गायन और लंबी कूद-गोला फेंक जैसी खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।