#भरतपुर। जिले के बयाना कस्बे स्थित प्रेम पैलेस में शनिवार को गुर्जर समाज द्वारा गुर्जर आरक्षण आंदोलन के संस्थापक स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री परिवार के सानिध्य में आयोजित हवन-यज्ञ से हुआ, जिसमें सामाजिक समृद्धि और मानव कल्याण की कामना के साथ आहुतियां दी गईं। इसके बाद उपस्थित लोगों ने कर्नल बैंसला के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर याद किया। समारोह में गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष विजय बैंसला, भूरा भगत और रामकिशोर पटेल सहित कई वक्ताओं ने कर्नल बैंसला को युग पुरुष बताया। वक्ताओं ने उनके मूल मंत्र 'अच्छी शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य, पढ़ी-लिखी मां और कर्जमुक्त समाज' को जीवन में उतारने का आह्वान किया। इस दौरान विभिन्न गांवों से आई टीमों ने कर्नल बैंसला के संघर्ष पर आधारित पारंपरिक गुर्जर गीत प्रस्तुत किए, जिन्हें साफा और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।