सुगांव में स्वच्छता का संदेश, डीएम ने ग्रामीणों को दिलाया स्वच्छता का संकल्प
जहानाबाद :
महात्मा गांधी की जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर गुरुवार को सुगांव ग्राम पंचायत में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा-2026 तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कार्यक्रम हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। स्वच्छ और स्वस्थ गांव के निर्माण में प्रत्येक परिवार और नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में ग्रामीणों और जीविका दीदियों को ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 की जानकारी दी गई। घर से ही गीला, सूखा और घरेलू खतरनाक कचरा अलग-अलग रखने पर जोर दिया गया। व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से कचरे को निर्धारित डस्टबिन में रखने और उसके सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया समझाई गई। लोगों से नालियों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों में कचरा नहीं फेंकने की अपील की गई।
डीएम ने जीविका दीदियों से स्वच्छता का संदेश घर-घर पहुंचाने और लोगों को कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर लोगों को पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित बनाने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने का संकल्प लिया।