फेंसिंग में मखदुमपुर ब्रिलियंट स्कूल के पांच खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
जहानाबाद : गांधी मैदान, जहानाबाद में आयोजित फेंसिंग प्रतियोगिता में ब्रिलियंट स्कूल, मखदुमपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं के गौरव कुमार वर्मा, कक्षा आठवीं की माही कुमारी, कक्षा आठवीं की आस्था कुमारी कश्यप, कक्षा नौवीं के आर्यन कुमार गुप्ता और कक्षा सातवीं के उत्कर्ष कुमार ने फेंसिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। उनकी सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों ने बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और नियमित अभ्यास का परिणाम पदक के रूप में सामने आया है। खेल के क्षेत्र में विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।