जन्म से लेकर सम्मानजनक जीवन तक सरकार चला रही जनकल्याणकारी योजनाएं - पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया
==
प्रदेश सरकार एक संवेदनशील सरकार है और संवेदना के आधार पर जनहित में कार्य कर रही है- हटा विधायक उमा देवी खटीक
==
संभागायुक्त दिलीप कुमार ने उद्यमियो से किया संवाद, कहा शासन की योजनाओ का उठाये लाभ
==
जनता का विश्वास ही शासन की पहचान है- कलेक्टर प्रताप नारायण यादव
==
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत पटेरा में आयोजित हुआ शिविर
===
37 ग्राम पंचायतों में अधिकारियों के दलों ने किया शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण, ग्रामीणों से किया संवाद
===
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पटेरा में शिविर का आयोजन प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसुमरिया, विधायक उमा देवी खटीक, संभागायुक्त सागर संभाग दिलीप कुमार, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, जनपद अध्यक्ष मल्लो बाई और गंगाराम पटेल सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामय मौजूदगी में आयोजित हुआ। इस अवसर पर संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने उद्यमियों से संवाद किया और कहा शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने उद्यम को स्थापित करें।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आज जनपद पंचायत पटेरा प्रांगण में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पटेरा नगरीय निकाय के 15 वार्डों सहित जनपद पंचायत पटेरा की 37 ग्राम पंचायतों को सम्मिलित किया गया। अभियान के अंतर्गत अधिकारियों के 37 दल गठित किए गए। इन दलों ने जनपद क्षेत्र की सभी 37 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों द्वारा स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, छात्रावास, राशन दुकान सहित अन्य शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति, स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का भी फीडबैक लिया गया।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि सरकार द्वारा नागरिकों के जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जन्म के समय सहायता से लेकर बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं के लिए योजनाओं के माध्यम से आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों का कल्याण हो सके।
उन्होंने कहा शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए प्रशासन द्वारा शिविरों के माध्यम से समस्याग्रस्त लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं और समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का प्रत्यक्ष रूप से निराकरण कर रहे हैं।
डॉ. कुसमरिया ने कहा कि शिविर में किए गए कार्यों की शाम को समीक्षा की जाएगी, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कितने लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ और कितने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिला। उन्होंने कहा अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं तथा प्रत्येक सोमवार और मंगलवार को बैठक आयोजित कर प्रगति की जानकारी ली जाती है। इसका उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए आमजन को समय पर लाभ दिलाना है।
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाया जा रहा है। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा निरंतर क्षेत्र का भ्रमण कर योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली जा रही है।
श्रीमति खटीक ने कहा भ्रमण के दौरान वे ग्रामीणों और हितग्राहियों से सीधे संवाद कर यह जानकारी लेती हैं कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिला है अथवा नहीं। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार एक संवेदनशील सरकार है और संवेदना के आधार पर जनहित में कार्य कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर का आयोजित किया जा रहे हैं, उन्होंने कहा एक ही मंच पर लोगों की समस्याएं हल हो रही है, आम जनों की समस्याएं यहां अधिकारियों द्वारा सुनी जा रही है और उनका निराकरण भी किया जा रहा है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जनता का विश्वास ही शासन की पहचान है। प्रशासन का दायित्व है कि आमजन की समस्याओं और शिकायतों पर शासन के नियमों के दायरे में रहते हुए निष्पक्षता एवं कार्य करने की भावना के साथ निर्णय लिया जाए।
उन्होंने कहा नामांतरण, बंटवारा अथवा किसान से संबंधित कोई छोटा-सा कार्य भी आम नागरिक के लिए महत्वपूर्ण होता है। हमारा लक्ष्य है कि ऐसे सभी कार्य तत्परता और निश्छलता के साथ किए जाएं। शासन की विभिन्न योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है अथवा कोई पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित तो नहीं है, इसकी भी धरातलीय स्तर पर लगातार समीक्षा आवश्यक है।
37 ग्राम पंचायतों में पहुंचे जिला स्तरीय अधिकारी
कलेक्टर ने कहा अभियान के तहत पटेरा विकासखंड की 37 ग्राम पंचायतों में 37 जिला स्तरीय अधिकारियों के दल भेजे गए। अधिकारियों ने संबंधित ग्रामों में पहुंचकर शासकीय संस्थानों एवं कार्यों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इन निरीक्षणों के आधार पर अधिकारियों द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।
परख ऐप से ऑनलाइन निरीक्षण, मौके की तस्वीर होगी अधिकारियों के सामने
कलेक्टर ने कहा परख ऐप (Parakh App) के माध्यम से ऑनलाइन निरीक्षण की व्यवस्था की जा रही है। इससे क्षेत्र में जाकर किए गए निरीक्षण की वास्तविक स्थिति को ऑनलाइन दर्ज किया जा सकेगा। ऐप के माध्यम से मौके की फोटो भी अपलोड की जा सकती है, जिससे समस्या की वास्तविक स्थिति तत्काल अधिकारियों के सामने स्क्रीन पर दिखाई देगी और उसके निराकरण की दिशा में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
उद्यम संवाद
संभाग आयुक्त दिलीप कुमार ने इस अवसर पर क्षेत्र के उद्यमियों के साथ चर्चा की उनकी बातें सुनी और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होने कहा शासन ने उद्यमियों के हित में अनेकों योजनाएं चलाई है उनको समझे और उसका लाभ उठाएं और अपने उद्यम को आगे बढ़ाएं। उन्होने कहा सरकार उद्यमियों को हर संभव सहायता देने तत्पर है।
संभाग आयुक्त शिविर स्थल पर स्टालों में पहुंचे
संभाग आयुक्त दिलीप कुमार, विधायक हटा उमा देवी और कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के साथ शिविर स्थल में स्थापित विभिन्न विभागों के स्टालों में पहुंचे, विभाग योजना की दी जा रही थी जानकारी के संबंध में चर्चा की और कर्मचारियों अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा शासन की योजनाएं प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे प्रयास किया जाए योजनाओं से उन्हें लाभान्वित सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारियों द्वारा पोषण के संबंध में विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया गया था जिसका अवलोकन कर सराहना की।
शिविर में 187 लोगों को मिला उपचार एवं परामर्श
पटेरा में आयोजित जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा 187 लोगों का जांच परीक्षण एवं उपचार प्रदान किया गया साथ ही निशुल्क दवाइयां वितरित की गई।
हित-लाभ हुए वितरित
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में विधायक उमा देवी खटीक, संभागायुक्त दिलीप कुमार, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। शिविर में तीन महिला स्व-सहायता समूहों को 6-6 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही नवीन स्वीकृत पेंशन पत्र तथा संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के लिए 6 हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कृषि विभाग द्वारा हितग्राहियों को पावर स्पेयर पंप वितरित किए गए। इनमें हरगोविंद कुर्मी सहित चार हितग्राही लाभान्वित हुए। इसी प्रकार उद्योग विभाग द्वारा दो हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। हेमा लोधी को ऑटो पार्ट्स व्यवसाय के लिए 1 लाख 60 हजार रुपए तथा अरशद खान को किराना दुकान के लिए 1 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई।