अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों संबंधी बैठक आयोजित
--
जिले में आगामी वर्षा ऋतु के दौरान संभावित अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कलेक्टर श्री साकेत मालवीय की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टर श्री मालवीय ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण कर लें। उन्होंने राजस्व, पुलिस, नगर पालिका, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, स्वास्थ्य,शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान, राहत शिविरों की व्यवस्था, आवश्यक खाद्य सामग्री, पेयजल, दवाइयों एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने तथा जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग संभावित अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तत्परता एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा ने कहा कि वर्षा के दौरान नदी, नालों एवं जलाशयों के जलस्तर की सतत निगरानी की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रखने, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता बनाए रखने तथा संचार व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पर्याप्त सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने के संबंध में आश्वस्त किया ।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को आपदा की स्थिति में चिकित्सा दल एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित सुधार कार्य करने तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, अपर कलेक्टर श्री डी एन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री आर. बी. सिंडोस्कर, बृजबिहारी श्रीवास्तव विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया ।
#ashoknagar