कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शुक्रवार को सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय कार्यों में समय-सीमा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करने पर विशेष जोर दिया।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों के साथ अधिकारी संवेदनशीलता से व्यवहार करें। आवेदकों की समस्याओं को केवल औपचारिकता मानकर न लें, बल्कि उनके निराकरण के लिए गंभीरता से प्रयास करें। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को भी प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।