#बालाघाट
सेवा मेरा योगदान’ अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कलेक्टरों को दिए निर्देश,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सेवा संकल्प अभियान-2026 सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं और अभियानों की समीक्षा की। बैठक में 17 सितंबर से संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान की तैयारियों की जानकारी ली गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृद्धजनों एवं अनाथ बच्चों की सेवा, नेत्र परीक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृक्षारोपण, सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएं। इन गतिविधियों को जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए विकासखंड, नगरीय निकाय और ग्राम पंचायत स्तर तक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होने कहा कि सेवा कार्य केवल शासकीय कार्यक्रम बनकर न रह जाएं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इनसे जोड़ा जाए। जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना को मजबूत किया जाना आवश्यक है।
बैठक में नशामुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में नशामुक्ति के संबंध में प्रतिमाह बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्टरों को स्कूलों, अस्पतालों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का नियमित निरीक्षण करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नशामुक्ति की जिम्मेदारी केवल पुलिस विभाग की नहीं है, बल्कि कलेक्टर सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध हो सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में स्वामित्व योजना के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को योजना से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पटवारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में प्रदेश में प्रारंभ होने वाली सुगम परिवहन सेवा से संबंधित प्रस्तावित योजना पर भी चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बालाघाट जिले से कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा एवं अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP