#बालाघाट
जिले के तीन बच्चों की आंखों का होगा निःशुल्क उपचार, रोशनी लौटने की जागी उम्मीद
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजे गए बच्चे
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत जिले के तीन बच्चों को आंखों से संबंधित गंभीर समस्याओं के उपचार एवं सर्जरी के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर भेजा गया है। इन बच्चों का उपचार आयुष्मान भारत योजना एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पूर्णतः निःशुल्क कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दहिया ने बताया कि मंगलवार को तीन बच्चों को उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है। इनमें तिरोड़ी-कटंगी क्षेत्र के नीमटोला निवासी चित्ररेखा मर्सकोले की 3 माह की बच्ची तथा लालबर्रा विकासखंड के ग्राम घोटी निवासी दियांश मस्करे की बच्ची को रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमेच्योरिटी (ROP) के उपचार के लिए भेजा गया है। वहीं बैहर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-8, झांगुल, तुमड़ीभाठ निवासी 8 वर्षीय प्रिंस नारनौरे को मोतियाबिंद के उपचार के लिए रेफर किया गया है।
इन तीनों बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की प्रक्रिया जिला चिकित्सालय स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र (DEIC) के माध्यम से की गई। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. अदिति विधा एवं डॉ. उन्नति पिछोड़े द्वारा बच्चों की जांच कर उन्हें आगे के उपचार के लिए चिन्हित किया गया। तीनों बच्चों को मंगलवार 29 सितम्बकर को सुबह 11 बजे जिला चिकित्सालय स्थित DEIC से जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक राजाराम चक्रवर्ती की उपस्थिति में जबलपुर के लिए रवाना किया गया। मेडिकल कॉलेज में आवश्यक जांच एवं सर्जरी के बाद बच्चों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में जन्मजात एवं अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें उच्च संस्थानों में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी बच्चों के उपचार में बड़ी राहत मिल रही है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp
13 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026