#बालाघाट
बैठक में दिए निर्देशों का पालन न करने पर आठ कर्मचारियों का तीन-तीन दिन का वेतन राजसात
एसडीएम कटंगी विजय सिंह यादव ने राजस्व एवं पंचायत विभाग की समीक्षा के बाद दिए कार्रवाई के निर्देश
शासकीय कार्यों में लापरवाही और समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध एसडीएम कटंगी विजय सिंह यादव ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राजस्व एवं पंचायत विभाग की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कुल आठ कर्मचारियों का तीन-तीन दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
एसडीएम विजय सिंह यादव द्वारा विगत दिनों चरणबद्ध तरीके से राजस्व विभाग तथा पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई थी। बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विभागीय लक्ष्यों की सतत निगरानी करते हुए लंबित कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय बीतने के बाद भी कुछ कर्मचारियों द्वारा निर्देशों का अपेक्षित पालन नहीं किया गया।
पांच पटवारियों का वेतन राजसात
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान पटवारियों को फार्मर रजिस्ट्री, फसल गिरदावरी, बायोमेट्रिक ई-केवाईसी, नक्शा तरमीम, नामांतरण प्रकरणों में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, सेल्फ रजिस्ट्रेशन के प्रतिवेदन, सीएम हेल्पलाइन तथा राजस्व वसूली के लिए अतिक्रमण संबंधी प्रकरण तैयार करने सहित अन्य राजस्व लक्ष्यों की पूर्ति के निर्देश दिए गए थे।
लगभग एक सप्ताह का समय बीतने के बाद भी कुछ पटवारियों द्वारा फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं फसल गिरदावरी सहित निर्धारित कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं की गई। इस पर एसडीएम ने तहसीलदार तिरोड़ी को पटवारी शिवांशु मिश्रा, गौरव तिवारी, प्रदीप शर्मा, प्रहलाद कुमरे एवं कमलेश भगत का माह सितंबर का तीन-तीन दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश दिए हैं।
तीन पंचायत सचिवों पर भी कार्रवाई
इसी प्रकार पंचायत विभाग के एडीओ एवं पीसीओ की बैठक लेकर लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। इसमें नल-जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा पंचायतों में साफ-सफाई से संबंधित शिकायतों की स्थिति की विशेष रूप से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कुछ पंचायत सचिवों द्वारा लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतना पाया गया। शिकायतों का समय पर निराकरण नहीं कराने पर एसडीएम ने पंचायत सचिव अजीत बोरकर, खिलेंद्र भारती एवं विपिन हरिनखेड़े के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए तीन-तीन दिन का वेतन राजसात करने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ कटंगी को दिए हैं।
एसडीएम विजय सिंह यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासकीय योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन तथा विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठकों में दिए गए निर्देशों के पालन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mprevenudeptt