#बालाघाट
मंडई मेलों में खान-पान की व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों की टीमें कर रही हैं जांच
जिलेभर के मंडई मेलों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी
किरनापुर तहसील के ग्राम हिर्री में मंडई मेले के दौरान चाऊमीन खाने से बच्चों के बीमार होने की घटना के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित हो रहे मंडई मेलों में खान-पान की व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर जिले के सभी एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नायब तहसीलदार, पटवारी, कोटवार एवं अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीमें मंडई मेलों में पहुंचकर खाद्य सामग्री विक्रय करने वाली दुकानों और होटलों का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य पदार्थों के रखरखाव में स्वच्छता एवं हाइजीन का विशेष ध्यान रखने तथा एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री का उपयोग और विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान चाऊमीन, नमकीन, पानीपुरी, दाल बूंदी सहित अन्य खाद्य पदार्थों और पेयजल की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसके साथ ही मंडई स्थलों पर पेयजल एवं बिजली की व्यवस्था का भी जायजा लिया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।
इसी क्रम में बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य ने बिरसा विकासखंड के रामगढ़ी खर्राधार मेले का निरीक्षण किया। लांजी एसडीएम श्री आदित्य नारायण तिवारी ने सर्रा की मंडई तथा कटंगी एसडीएम श्री विजय सिंह यादव ने अगासी में आयोजित मंडई मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसी प्रकार 23 नवंबर को खैरलांजी विकासखंड के ग्राम कटोरी एवं टेमनी, वारासिवनी विकासखंड के ग्राम कायदी, किरनापुर विकासखंड के ग्राम मोहगांव खुर्द, बालाघाट विकासखंड के ग्राम ढूटी एवं लामता तथा लांजी विकासखंड के ग्राम बेलगांव में आयोजित मंडई मेलों में अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने पहुंचकर जांच की।
जिला प्रशासन द्वारा मंडई मेलों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि मेलों में आने वाले ग्रामीणों, बच्चों और अन्य नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो तथा हिर्री जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp #foodsuppliesmp