*परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने मुरैना में किया आकस्मिक निरीक्षण, अवैध रेत परिवहन पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश*
मुरैना,परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने मंगलवार को मुरैना जिले का भ्रमण कर चंबल नदी के राजघाट, अल्लाबेली चौकी एवं परिवहन चेक पोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीना, वन मंडल अधिकारी श्री एस.सी. बघेल, जिला खनिज अधिकारी श्री सुखदेव कुमार निर्मल, जिला परिवहन अधिकारी श्री विक्रम सिंह कंग, उप परिवहन आयुक्त श्री किरण कुमार शर्मा, परिवहन निरीक्षक पी.एस. भीलाला एवं अशोक शर्मा सहित वन, पुलिस, खनिज एवं परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में परिवहन आयुक्त ने निर्देश दिए कि चंबल रेत के अवैध परिवहन में संलग्न वाहनों को तत्काल जब्त किया जाए तथा बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में रखकर वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध परिवहन नियमों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खनिज परिवहन एवं चंबल रेत से संबंधित सभी वाहनों की सघन जांच की जाए तथा आवश्यकतानुसार उनमें जीपीएस प्रणाली भी स्थापित कराई जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाती है तथा समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाती है। जिले में निगरानी एवं जांच के लिए 08 प्रमुख चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जहां लगातार वाहनों की जांच की जा रही है।
परिवहन विभाग को अतिरिक्त बल के रूप में एसएएफ (SAF) के जवान उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीना ने भी पुलिस विभाग की ओर से आवश्यक बल एवं सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वन मंडल अधिकारी द्वारा वन विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की गई।
परिवहन आयुक्त ने निर्देशित किया कि जिले में कहीं भी अवैध रेत भंडारण पाए जाने पर उसे तत्काल समाप्त कर विनष्टीकरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी वाहन को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ा जाएगा और संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर लगातार कार्रवाई जारी रखें।
श्री जोगा ने बताया कि मुरैना जिले को अतिरिक्त अमला उपलब्ध कराया गया है। जिले में 01 परिवहन निरीक्षक, 01 उप परिवहन निरीक्षक एवं 01 चेक पोस्ट प्रभारी की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त 03 निरीक्षकों की विशेष तैनाती की गई है, जो 7-7 दिन के रोटेशन पर कार्य करेंगे। साथ ही 30 आरक्षकों एवं 21 एसएएफ जवानों की ड्यूटी भी अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि मुरैना जिले में अवैध खनिज परिवहन एवं चंबल रेत के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन एवं स्टाफ भी उपलब्ध कराया जाएगा।
निरीक्षण से पूर्व परिवहन आयुक्त द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रही कार्रवाई एवं प्रवर्तन गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा भी की गई।