सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर मुरैना पुलिस का विशेष प्रशिक्षण शुरू, डीआईजी ने किया निरीक्षण
मुरैना। सिंहस्थ महापर्व-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार मुरैना पुलिस द्वारा विशेष प्रशिक्षण अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में 1 जून 2026 से पुलिस लाइन मुरैना में 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है, जो आगामी 20 सप्ताह तक चरणबद्ध रूप से संचालित होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस उप महानिरीक्षक चंबल रेंज सुनील कुमार जैन ने 2 जून को पुलिस कंट्रोल रूम एवं प्रशिक्षण केंद्र, पुलिस लाइन मुरैना का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने सामुदायिक पुलिसिंग (कम्युनिटी पुलिसिंग) विषय पर विस्तृत एवं प्रेरणादायी व्याख्यान देते हुए पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, जनसहभागिता तथा विश्वास को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन की सफलता केवल सुरक्षा व्यवस्था पर नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच सहयोग एवं संवाद पर भी निर्भर करती है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भावना, संवेदनशीलता और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण मिल सके।
प्रशिक्षण सत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह डाबर, एसडीओपी बामौर अनिल कुमार, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला, सूबेदार गजेंद्र सिंह परिहार सहित कुल 61 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।