उड़ती धूल से घुट रहा बाजपुर का दम, स्कूली बच्चे और राहगीर परेशान
पीडब्ल्यूडी की अधूरी कार्यप्रणाली से सड़क पर धूल का गुबार, चेयरमैन गित्ते ने संभाला मोर्चा
बाजपुर। हल्द्वानी बस स्टैंड से शहीद भगत सिंह चौक, रेलवे क्रॉसिंग, मुड़िया तिराहा होते हुए दोराहा बॉर्डर तक मुख्य सड़क पर उड़ रही धूल ने स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर हाल ही में टाइल्स लगाए जाने के बाद उसके ऊपर रेत डाले जाने से वाहनों के आवागमन के दौरान धूल के गुबार उठ रहे हैं। इससे सड़क किनारे रहने वाले लोगों और दुकानदारों को सांस लेने में दिक्कत के साथ ही स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और स्कूल की छुट्टी के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने से धूल और अधिक उड़ती है। इससे राहगीरों के साथ आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क पर उड़ रही धूल को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
चेयरमैन गित्ते ने मौके पर पहुंचकर कराई सफाई
जनता की परेशानी की सूचना मिलने पर नगर पालिका चेयरमैन गुरजीत सिंह गित्ते ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शहीद भगत सिंह चौक पर धूल और गंदगी की समस्या को देखते हुए विशेष सफाई अभियान चलवाया। चेयरमैन ने अपनी टीम के साथ चौक की सफाई कराकर तत्काल राहत पहुंचाने का प्रयास किया।
स्थानीय नागरिकों ने चेयरमैन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि सफाई से फिलहाल कुछ राहत मिली है, लेकिन सड़क पर उड़ रही धूल की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। लोगों ने पीडब्ल्यूडी से सड़क निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने और धूल पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।