फिरोजाबाद में दिव्य गीता सत्संग का द्वितीय दिवस: ज्ञानानंद महाराज के प्रवचनों से भक्तिमय हुआ माहौल
फिरोजाबाद। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय दिव्य गीता सत्संग के द्वितीय दिवस का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान दिनेश चन्द्र अग्रवाल व विशिष्ट यजमान प्रदीप गर्ग लल्ला जी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण व राधारानी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर हुआ। दैनिक यजमान शंकर गुप्ता व बबिता गुप्ता ने माल्यार्पण किया। स्वागताध्यक्ष अजय जिंदल व सुमन जिंदल ने व्यास पीठ पर विराजमान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज का पुष्प भेंटकर स्वागत किया।
संचालन जीओ गीता उत्तर प्रदेश युवा प्रभारी अभिषेक क्रांति ने किया। राजेश, मधु उपाध्याय, प्रदीप, सुमन जिंदल, दीपक व ज्योति बंसल द्वारा गीता पूजन किया गया। संस्था के पदाधिकारी राजू मित्तल द्वारा प्राइवेट ट्रामा सेंटर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पी.के. जिंदल व सचिन हनुमान प्रसाद गर्ग का स्वागत किया गया। नेशनल स्किल डवलपमेंट काउंसिल द्वारा डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित डॉ.आनंद कुमार मित्तल को जीओ गीता परिवार फिरोजाबाद द्वारा सम्मानित किया गया।
प्रवचन से पूर्व स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने सभी साधकों को गीता स्तुति का पाठ कराया। उन्होंने कहा कि जन्म के साथ ही संघर्ष की गाथा शुरू हो जाती है, जीवन के संघर्षों में मन घबराए नहीं, लड़खड़ाए नहीं, यही गीता का संदेश है। प्रकृति से प्रेरणा लेकर समाज की बुराइयों में न उलझते हुए आगे बढ़ना चाहिए और भूत-भविष्य में नहीं, वर्तमान में जीना चाहिए। 'जिओ गीता के संग सीखो जीने का ढंग' व 'मेरे मन बैठ जरा गोपाल जी के चरणों में' भजनों से श्रोता भावविभोर हो गए।
सदर विधायक मनीष असीजा ने महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और फिरोजाबाद में बार-बार आकर सत्य मार्ग की प्रेरणा देने का आग्रह करते हुए गीता प्रचार में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
समापन पर हुई आरती में सुधीर अग्रवाल (पटना), प्रवीण अग्रवाल (सेवा सदन), सुधीर अग्रवाल, गोपाल दास बंसल, पूनम अग्रवाल, मुकेश बंसल बाबा, राखी जिंदल, संदीप अग्रवाल, महावीर प्रसाद अग्रवाल, नीता सिंघल, अनीश कुमार गुप्ता, रोहित खंडेलवाल, संदीप गुप्ता, सतीश चंद्र अग्रवाल, पीयूष पालीवाल, संजय मित्तल (ईकरी), यश जिंदल व बसंत अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
---
#GeetaSatsang #GyananandMaharaj #Firozabad #JioGita #KrishnaBhakti #ViralNews #DharmikAyojan