एसआईआर पर गरमाया विवाद, सभासद अमित भट्ट बोले- फर्जी आपत्तियों से नहीं कटने देंगे वोट
मसूरी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मसूरी में विवाद बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस और अल्पसंख्यक समाज की ओर से एसडीएम कार्यालय में शिकायत कर आरोप लगाया गया कि कुछ लोग बेवजह आपत्तियां लगाकर पात्र मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास कर रहे हैं। इस बीच सभासद अमित भट्ट ने अपने नाम के कथित इस्तेमाल पर कड़ी नाराजगी जताई है।
अमित भट्ट ने कहा कि कुछ लोगों ने आपत्तियों के मामले में उनका नाम लिया है, जबकि संबंधित वोटर कार्ड का आरए नंबर और टेलीफोन नंबर उनके विवरण से मेल नहीं खाता। उन्होंने कहा कि यदि दोनों विवरण उनके होते तो वह पुलिस में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते।
उन्होंने कहा कि सभी समाज और समुदाय के लोगों के समर्थन से वह सभासद बने हैं और उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर किसी का वोट कटवाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों के तहत पात्र हर व्यक्ति को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए।
अमित भट्ट ने प्रशासन से ऐसी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि एसआईआर को लेकर फैल रही भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है। अब पूरे मामले में प्रशासन की जांच और आपत्तियों के सत्यापन पर नजर है।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh #uttarakhand
Mussoorie, Dehradun | Aug 17, 2026