*बस्ती: यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी का बड़ा एक्शन, स्कूली बच्चों की जान से खेलने वाले 4 टेंपो सीज*
*बस्ती।* पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के कुशल मार्गदर्शन में जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप यादव के पर्यवेक्षण में, *यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी* के नेतृत्व में और प्रवर्तन विभाग बस्ती के सक्रिय सहयोग से शहर के विभिन्न चौराहों और स्कूल मार्गों पर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़कों पर बिना वैध फिटनेस प्रमाण पत्र के दौड़ रहे और नियमों की धज्जियां उड़ाकर स्कूली बच्चों के जीवन को खतरे में डालने वाले टेंपो वाहनों को रोककर चेक किया गया। मानकों को पूरा न करने वाले वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
अभियान में लगभग *4 टेंपो को सीज* किया गया और *20 से अधिक टेंपो की सघन जांच* की गई। कई टेंपो में क्षमता से दोगुने बच्चे ठूंस-ठूंस कर भरे मिले। मानक के अनुसार एक टेंपो में ड्राइवर सहित सिर्फ 4 लोग बैठ सकते हैं, लेकिन चालक 10 से 12 बच्चों को जबरदस्ती बैठाकर ले जा रहे थे। ऐसे सभी बच्चों को पुलिस ने दूसरे सुरक्षित वाहनों से सकुशल उनके घरों तक पहुंचाया।
*यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने बताया* कि स्कूली वाहनों में ओवरलोडिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टेंपो चालक बच्चों को सामान की तरह भरकर ले जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बिना फिटनेस और बिना परमिट के चल रहे वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि अपने बच्चों को भेजने से पहले वाहन के कागजात और चालक का आचरण जरूर परखें। सस्ते किराए के चक्कर में बच्चों की जिंदगी दांव पर न लगाएं। अगर कोई भी टेंपो चालक ओवरलोडिंग करता दिखे या लापरवाही से गाड़ी चलाता दिखे तो तुरंत यातायात पुलिस या डायल 112 को सूचना दें।
पुलिस अधीक्षक बस्ती और बस्ती जिले के आम जनमानस ने इस कार्रवाई के लिए यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी और उनकी पूरी टीम की सराहना की है। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 18, 2026