चारधाम यात्रा में बसों की ‘जंग’, पिस रहे श्रद्धालु!! हिमगिरि-विश्वनाथ विवाद से बस संचालन प्रभावित!!
टैक्सी का सहारा लेने को मजबूर यात्री—बढ़ रहा यात्रा खर्च!!
रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा की रीढ़ मानी जाने वाली बस सेवा पर आपसी खींचतान भारी पड़ रही है। देहरादून–सोनप्रयाग रूट पर हिमगिरि और विश्वनाथ बस सेवा के बीच विवाद का असर संचालन पर पड़ने से श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बस सेवा नियमित नहीं मिलने के कारण यात्रियों को मजबूरी में महंगी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
चारधाम यात्रा पर आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालु किफायती सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में बस संचालन प्रभावित होने से देहरादून से सोनप्रयाग और सोनप्रयाग से देहरादून लौटने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
बीते दिनों देहरादून से सोनप्रयाग के लिए हिमगिरि बस सेवा शुरू की गई थी। इससे यात्रियों को बेहतर और किफायती परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन हिमगिरि और विश्वनाथ बस सेवा के बीच चल रहे विवाद के चलते संचालन को लेकर स्थिति फिर उलझ गई है।
वहीं, कुछ दिन पूर्व रुद्रप्रयाग में विश्वनाथ बस सेवा से जुड़े कथित ओवररेटिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद किराये और बस संचालन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
यात्रियों की मांग—विवाद नहीं,
नियमित बस सेवा चाहिए
चारधाम यात्रा सीजन में परिवहन व्यवस्था बाधित होने से श्रद्धालुओं को आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है। यात्रियों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से हिमगिरि एवं विश्वनाथ बस सेवा से जुड़े विवाद का शीघ्र समाधान कराने और निर्धारित रूट पर नियमित बस संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
सोनप्रयाग व्यापार संघ अध्यक्ष अंकित गैरोला एवं व्यापारी प्रेम गोस्वामी ने कहा कि यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बसों पर निर्भर रहते हैं। बस संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है। संबंधित पक्षों और प्रशासन को विवाद का समाधान कर बस सेवा जल्द सुचारु करनी चाहिए।
#CharDhamYatra #KedarnathDham #Rudraprayag #Sonprayag #BusService #Uttarakhand #YatraUpdate #CharDham