केदारनाथ गर्भगृह की VIRAL REEL से मचा हड़कंप! गर्भगृह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, मंदिर समिति ने लिया संज्ञान!!
केदारनाथ धाम के गर्भगृह की रील वायरल होने के बाद मंदिर समिति हरकत में आ गई है।
सोशल मीडिया पर गर्भगृह के वीडियो और रील प्रसारित किए जाने के मामले को बद्री-केदार मंदिर समिति ने गंभीरता से लिया है। समिति ने ऐसे वीडियो बनाने और वायरल करने वालों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने साफ कहा है कि यदि मंदिर से जुड़े किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
केदारनाथ धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच गर्भगृह से जुड़े वीडियो और रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
एक इंस्टाग्राम हैंडल से गर्भगृह का वीडियो पोस्ट किए जाने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो को बड़ी संख्या में लोगों ने देखा है। इसके बाद बद्री-केदार मंदिर समिति ने मामले का संज्ञान लेते हुए सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो की निगरानी शुरू कर दी है।
मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक, गर्भगृह से संबंधित वीडियो बनाने और प्रसारित करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है।
मामले के कानूनी और धार्मिक पहलुओं की जांच कराई जा रही है। जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यदि मंदिर समिति या मंदिर व्यवस्था से जुड़े किसी व्यक्ति की भूमिका पाई जाती है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।