खुशखबरी : 24 सितंबर को रुद्रप्रयाग में लगेगा लघु रोजगार मेला!! बेरोजगार युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर!!
रुद्रप्रयाग जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से 24 सितंबर को जिला कार्यालय सभागार, रुद्रप्रयाग में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें विभिन्न नियोजक एवं कंपनियां प्रतिभाग कर उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पूर्व पंजीकरण की प्रक्रिया 19 सितंबर से जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालय में पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा (रिज्यूमे), मूल शैक्षिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा।
रोजगार मेले के दौरान युवाओं को विभिन्न नियोजकों के साथ ही सेवायोजन विभाग एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों की ओर से व्यावसायिक परामर्श और रोजगार संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को उपलब्ध रोजगार अवसरों, आवश्यक योग्यताओं और चयन प्रक्रिया की जानकारी मिल सकेगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों से रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि वे अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठा सकें।