#बालाघाट
पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों के किसानों को वितरित किए सरसों के बीज
वैल्यू चेन पार्टनर योजना से किसानों को फसल विविधीकरण और आय बढ़ाने का मिलेगा अवसर
पूर्व नक्सल प्रभावित ग्रामों के किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने और उन्हें कृषि के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह एवं उप संचालक कृषि श्री फूल सिंह मालवीय के मार्गदर्शन में विकासखंड लांजी की ग्राम पंचायत देवरबेली के अंतर्गत आने वाले सात गांवों के किसानों को सरसों वैल्यू चेन पार्टनर योजना के तहत निःशुल्क सरसों बीज का वितरण किया गया।
ग्राम पंचायत देवरबेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम सतोना, नरपी (चिलकोना), नल्लेझरी, संदूका, सायर, टेमनी एवं केरादेही के किसानों को सरसों के बीज प्रदान किए गए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत देवरबेली के सरपंच श्री सुरेंद्र सिंह एवं जनपद पंचायत सदस्य श्री महेश चौधरी उपस्थित रहे।
योजना के माध्यम से पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को पारंपरिक खेती के साथ वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरसों की खेती से किसानों को फसल विविधीकरण का अवसर मिलेगा तथा कृषि आय में वृद्धि के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। शासन की इस पहल का उद्देश्य इन गांवों के किसानों को कृषि आधारित आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #foodsuppliesmp #minmpkrishi