#बालाघाट
पटाखा बाजार में डमी फायर सिस्टम मिलने पर 4 दुकानदारों को फटकार
एसडीएम ने एक घंटे में नए फायर सिस्टम लगाने के दिए निर्देश, शहर की यातायात व्यवस्था का भी लिया जायजा
दीपावली पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए एसडीएम कटंगी श्री विजय सिंह यादव ने अस्पताल ग्राउंड में लगाए गए पटाखा बाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार दुकानों पर फायर एक्सटिंग्विशर केवल दिखावे के लिए रखे मिले। वहीं कुछ दुकानदार फायर सिस्टम को ठीक से संचालित भी नहीं कर पाए। इस पर एसडीएम ने संबंधित दुकानदारों को जमकर फटकार लगाई और एक घंटे के भीतर नए फायर सिस्टम लगाने के निर्देश दिए। ऐसा नहीं करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पटाखा दुकानों के सामने रखे पानी से भरे ड्रम, आग बुझाने के लिए नगर पालिका द्वारा उपलब्ध कराई गई बालू, फायर एक्सटिंग्विशर, फायर ब्रिगेड एवं पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से मौके पर ही फायर एक्सटिंग्विशर चलवाकर उसकी कार्यक्षमता भी जांची। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि अग्निशमन उपकरण केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि दुकानदारों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य हैं। उन्होंने नगर पालिका एवं थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि आदेश का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
एसडीएम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि पटाखा बाजार में सुरक्षा के सभी इंतजाम बेहतर रखे जाएं और फायर ब्रिगेड 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहे। उन्होंने दुकानदारों को यह भी स्पष्ट किया कि पटाखा बाजार परिसर में किसी भी प्रकार की आतिशबाजी या पटाखे चलाने की गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सिनेमा चौक से बस स्टैंड तक अतिक्रमण हटवाया
पटाखा बाजार के निरीक्षण के बाद एसडीएम श्री यादव थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुशराम, नगर पालिका सीएमओ, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारियों के साथ नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान उन्होंने सिनेमा चौक से बस स्टैंड तक यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर दुकानों के सामने बेतरतीब खड़े वाहन और निर्धारित सीमा से बाहर लगी दुकानें देखने को मिलीं।
एसडीएम ने पुलिस बल की सहायता से निर्धारित सीमा से बाहर लगी दुकानों को मौके पर ही पीछे करवाया। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सीमा में ही लगाएं, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मिट्टी के दीपक विक्रेताओं को शुल्क से छूट
नगर भ्रमण के दौरान सिनेमा चौक पर सड़क किनारे मिट्टी के दीपक बेचने वाले करीब आधा दर्जन दुकानदारों की व्यवस्था भी देखी गई। एसडीएम ने इन दुकानों को निर्धारित सीमा में व्यवस्थित करवाया। इस दौरान नगर पालिका सीएमओ ने स्पष्ट किया कि मिट्टी के दीपक बेचने वाले इन दुकानदारों से नगर पालिका द्वारा कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इससे दीपावली पर दीपक बेचने वाले छोटे विक्रेताओं को राहत मिलेगी।
बेतरतीब वाहन खड़े करने पर होगी कार्रवाई
एसडीएम ने नगर पालिका के माध्यम से पूरे शहर में अनाउंसमेंट करवाकर नागरिकों और व्यापारियों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी दुकान के सामने बेतरतीब वाहन खड़े होने से यातायात बाधित होता है और शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर उन्हें थाने में रखा जाएगा। साथ ही संबंधित दुकानदार के विरुद्ध भी जुर्माना लगाया जा सकता है।
एसडीएम ने कहा कि दीपावली के पावन पर्व पर विशेषकर रविवार और सोमवार को शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से प्रशासन का सहयोग करने और अनुशासन के साथ त्योहार मनाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान शहर में यातायात की स्थिति सामान्य पाई गई और कहीं भी जाम की स्थिति नहीं मिली। निरीक्षण में थाना प्रभारी श्री धर्मेंद्र कुशराम, नगर पालिका सीएमओ, तहसीलदार कटंगी सहित राजस्व, पुलिस एवं नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mprevenudeptt