कार्यालय, अनुमंडल दंडाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, हिलसा (नालंदा)
-: प्रेस विज्ञप्ति :-
दिनांक: 14.11.2026
माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने किया ऐतिहासिक ‘औंगारी सूर्य महोत्सव-2026’ का भव्य उद्घाटन
हिलसा / एकंगरसराय (नालंदा): लोक आस्था के महापर्व कार्तिक छठ के पावन अवसर पर शनिवार (खरना के दिन) ऐतिहासिक एवं पौराणिक तीर्थस्थली औंगारी धाम स्थित लाल सिंह त्यागी के मैदान में कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित ‘औंगारी सूर्य महोत्सव-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। महोत्सव का विधिवत उद्घाटन माननीय मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार श्री श्रवण कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस गरिमामयी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय सांसद, नालंदा श्री कौशलेन्द्र कुमार, माननीय विधायक, इसलामपुर श्री रुहैल रंजन, माननीय विधायक, हिलसा श्री कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया तथा पूर्व विधायक श्री चन्द्र सेन उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार ने कहा कि औंगारी धाम न केवल नालंदा बल्कि संपूर्ण बिहार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना के इस महापर्व पर कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित सूर्य महोत्सव हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति, कला और सामाजिक समरसता को नई ऊंचाई प्रदान करता है। माननीय सांसद श्री कौशलेन्द्र कुमार, विधायक श्री रुहैल रंजन, विधायक श्री कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया एवं पूर्व विधायक श्री चन्द्र सेन ने भी अपने संबोधन में औंगारी धाम के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए समस्त क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह के प्रारंभ में अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), हिलसा ने मुख्य अतिथि माननीय मंत्री महोदय, सभी माननीय जनप्रतिनिधियों एवं आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा हेतु की गई प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार औंगारी धाम मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन हेतु बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ व गोताखोरों की तैनाती, 24 घंटे चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, निर्बाध विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, वाहन पार्किंग तथा सीसीटीवी व ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की गई है।
उद्घाटन के पश्चात कला एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आमंत्रित एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा छठ महिमा पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसका उपस्थित श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), हिलसा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), हिलसा-1 एवं 2, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता (DCLR), हिलसा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) एवं अंचल अधिकारी (CO), एकंगरसराय सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, मंदिर समिति के सदस्य तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
अनुमंडल जनसंपर्क कोषांग,
हिलसा (नालंदा)।
Samrat Choudhary
CMO Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#chhathpooja
Nalanda, Bihar | Nov 14, 2026