रूद्रप्रयाग जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा मौका, तीनों ब्लॉकों में लगेंगे भर्ती शिविर,
सुरक्षा सैनिक, सुपरवाइजर और सुरक्षा अधिकारी के पदों पर होगा चयन, 7 से 14 अगस्त तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया,
रुद्रप्रयाग। जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए जिले के तीनों विकासखंड मुख्यालयों में भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद के सौजन्य एवं एसआईएस इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इन शिविरों में सुरक्षा सैनिक, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं सुरक्षा अधिकारी के पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
भर्ती शिविर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवा प्रतिभाग कर सकते हैं। शिविर में अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित शैक्षिक योग्यता, आयु एवं शारीरिक मानकों के आधार पर किया जाएगा। सुरक्षा सैनिक पद के लिए 10वीं पास, 19 से 40 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 168 सेंटीमीटर लंबाई निर्धारित की गई है। वहीं सुरक्षा सुपरवाइजर पद के लिए 12वीं पास, 19 से 40 वर्ष आयु तथा न्यूनतम 170 सेंटीमीटर लंबाई निर्धारित है।
इन तिथियों पर होंगे भर्ती शिविर
- ऊखीमठ विकासखंड: 7 एवं 10 अगस्त 2026
- अगस्त्यमुनि विकासखंड: 11 एवं 12 अगस्त 2026
- जखोली विकासखंड: 13 एवं 14 अगस्त 2026
भर्ती शिविर का आयोजन निर्धारित तिथियों में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं की अंकतालिका की छायाप्रति एवं आधार कार्ड की छायाप्रति लेकर उपस्थित होना होगा। चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षण के लिए देहरादून स्थित प्रशिक्षण केंद्र में रिपोर्ट करना होगा।
प्रशिक्षण के बाद रोजगार का अवसर
चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण केंद्र में निर्धारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में सुरक्षा सेवाओं के लिए नियुक्ति का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। विज्ञप्ति के अनुसार, नियुक्त अभ्यर्थियों को 16 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन के साथ पीएफ, ग्रेच्युटी, ईएसआई, बीमा एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नौकरी के दौरान दुर्घटना होने पर परिवार को निर्धारित प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
रोजगार शिविरों के सफल आयोजन के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विकासखंड अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
अधिक जानकारी के लिए कमांडेंट कार्यालय के मोबाइल नंबर 9509896497 एवं 7905086105 पर संपर्क किया जा सकता है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Aug 8, 2026