बड़ी खबर | उत्तरकाशी में भीषण अग्निकांड से मची तबाही!
मोरी के पनवानी गांव में आग का तांडव, कई मकान जलकर खाक होने की आशंका; 30 परिवार प्रभावित, 5 से 7 गैस सिलेंडर फटने की सूचना!
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड के दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्र पनवानी ग्राम पंचायत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और कई रिहायशी भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। गांव में अफरा-तफरी का माहौल है और ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
स्थानीय विधायक दुर्गेश लाल की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में एक ग्रामीण ने बताया कि इस अग्निकांड से लगभग 30 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि आग के दौरान पांच से सात गैस सिलेंडर फटने की भी सूचना सामने आई है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि फिलहाल आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
विधायक दुर्गेश लाल ने घटना की सूचना जिला प्रशासन को दे दी है। प्रशासन की ओर से दमकल विभाग और राहत-बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना किए जाने की जानकारी दी गई है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के चलते राहत एवं बचाव दलों के सामने चुनौती बढ़ गई है।
विधायक ने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल राहत, बचाव और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी ग्रामीण सुरक्षित हों और इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि न हुई हो।
अपडेट जारी है... घटनास्थल से आने वाली हर महत्वपूर्ण जानकारी पर नजर बनी हुई है।
#Uttarkashi #Mori #Panwani #FireIncident #BreakingNews #उत्तराखंड #भीषण_अग्निकांड #उत्तरकाशी #मोरी #बड़ी_खबर