*भादवी बीज पर बाबा रामदेव जन्मोत्सव की धूम, शोभायात्रा और अखाड़ा प्रदर्शन ने मोहा मन*
*कमलेश आमेटा, विशेष संवाददाता*
*जयपुर/निंबाहेड़ा।* श्री बाबा रामदेव व्यायाम शाला एवं सेवा समिति (BRD Group) के तत्वावधान में प्रहलाद उस्ताद माली, मोहन सिंह , शम्भू उस्ताद, शंकर उस्ताद, पप्पू माली उस्ताद एवं बाबा रामदेव अखाड़ा के सभी पहलवानों की मौजूदगी में बाबा रामदेवजी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
भादवी बीज के पावन अवसर पर रविवार प्रातः 11:45 बजे मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा जब परशुराम सर्कल पहुंची तो फूल विक्रेताओं द्वारा पीरों के पीर बाबा रामदेवजी को माल्यार्पण कर पुष्प वर्षा की गई। शहर में कई जगह शोभायात्रा पर फूलों की बरसात की गई।
शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ बड़ा होली थड़ा में अखाड़ा प्रदर्शन मुख्य आकर्षण रहा। इस दौरान सुश्री नेहा कुमारी ने दोनों मुगदरों को अपने हाथों से विभिन्न करतब दिखाते हुए मुंह के बल खड़ा कर दिया, जिसे देखने हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी।
व्यायामशाला के पहलवानों और युवाओं द्वारा मुद्दड, तलवार, बनेटी एवं लठ्ठ से शारीरिक सौष्ठव व शस्त्र कला का जीवंत प्रदर्शन कर क्षेत्रवासियों का दिल जीत लिया।
यह शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई देर रात पुनः श्री बाबा रामदेव मंदिर व्यायाम शाला में पहुंचेगी, जहां महाआरती के बाद भोजन प्रसादी का आयोजन होगा।