खेल मैदान में दिखा उत्साह, 375 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
लटाला में 70वीं मांडलगढ़ वृत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, विधायक खंडेलवाल ने किया उद्घाटन
असलम रंगरेज काछोला
काछोला, लटाला के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में रविवार को 70वीं मांडलगढ़ वृत स्तरीय खेलकूद, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज हुआ। प्रतियोगिता में मांडलगढ़ ब्लॉक क्षेत्र की छात्र-छात्राओं की कुल 40 टीमें भाग ले रही हैं। खेल मैदान में खिलाड़ियों के पहुंचते ही उत्साह और उमंग का माहौल नजर आया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ मानसिक क्षमता को भी मजबूत करते हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी नियमित रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा सहसंयोजक संदीप सोनी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के लिए ऊर्जा और उत्साह का माध्यम हैं। मैदान में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की बात कही।
40 टीमों के 375 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
ब्लॉक क्रीड़ा प्रभारी लादू लाल तेली ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि छात्र वर्ग की 24 तथा छात्रा वर्ग की 16 टीमें प्रतियोगिता में शामिल हुई हैं। कुल 375 खिलाड़ी कबड्डी, खो-खो, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स सहित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
ध्वजारोहण के साथ हुई शुरुआत
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व ध्वजारोहण किया गया। विधायक गोपाल खंडेलवाल ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान ब्लॉक क्रीड़ा प्रभारी लादू लाल तेली, मुख्य तकनीकी सलाहकार अरुण शर्मा, सहायक तकनीकी सलाहकार कैलाश चौधरी एवं पारस खटीक ने आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
समारोह में गोर्वधन लाल वैष्णव, कैलाश तेली, उदय लाल धाकड़, सरथला पीईईओ इन्द्रसहाय मीणा, योगेश मालू, भागचंद धाकड़, शंभू धाकड़, मिश्रीदास वैष्णव, मदनलाल धाकड़, रामपाल धाकड़, बंशीलाल धाकड़, बालमुकुंद मालू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
अतिथियों का स्वागत संस्था प्रधान राजमल रेगर, विमलेश वैष्णव, एसएमसी अध्यक्ष मिश्रीदास वैष्णव एवं उपसरपंच उदयलाल धाकड़ ने किया। प्रतियोगिता को लेकर विद्यालय परिसर में दिनभर खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का उत्साह बना रहा।