बलिया में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं विस्तार अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपदवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। इसके लिए सभी लोग अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें।
तहसील स्कूल, बलिया (क्षेत्र हनुमानगंज) स्थित मतदान केंद्र पर लोगों को जागरूक करते हुए डीएम ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। विशेष रूप से ऐसे युवा, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उन्हें मतदाता बनने के लिए पंजीकरण अवश्य कराना चाहिए।
डीएम ने नवविवाहित महिलाओं से भी अपील की कि शादी के बाद दूसरे जनपद या स्थान से बलिया आई हैं और उनका नाम यहां की मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वाएं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की गलती होने अथवा पता बदलवाने के लिए फॉर्म-8 भरकर संशोधन कराया जा सकता है।
उन्होंने मृतक मतदाताओं के परिजनों से भी अनुरोध किया कि वे संबंधित बूथ पर बीएलओ को इसकी जानकारी दें, ताकि मृतक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें और मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे समय रहते अपने बूथ पर बीएलओ से संपर्क कर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि आगामी चुनावों में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
#BalliaDM #VoterList #MatdataSuchi #form6 #Form8 #ElectionCommissionOfIndia #Balliakhabar