जनजातीय क्षेत्र महाजनवा में डीएम-एसपी ने ग्रामीणों संग मनाई दीपावली, बांटे दीपक और मिठाइयां
औषधीय पौधों की खेती का लिया जायजा, महाजनवा को ‘मेडिसिनल प्लांट्स वैली’ के रूप में विकसित करने की पहल
लखीसराय। दीपावली के पावन अवसर पर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने जनजातीय क्षेत्र महाजनवा पहुंचकर ग्रामीणों और बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक परिवार को पांच-पांच दीपक और मिठाई के पैकेट वितरित किए। वहीं बच्चों एवं ग्रामीणों के बीच लड्डू भी बांटे गए। प्रशासनिक अधिकारियों को अपने बीच पाकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।
दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन क्षेत्र के समग्र विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने महाजनवा में विकसित की जा रही औषधीय पौधों की खेती का भी जायजा लिया। उन्होंने स्ट्रॉबेरी, ग्रीन तुलसी सहित अन्य औषधीय पौधों की खेती का निरीक्षण किया। इसके अलावा महाजनवा से करीब 400 मीटर दूर पूर्व में वितरित किए गए लेमनग्रास के पौधों के रोपण एवं विकास की स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य महाजनवा को औषधीय पौधों की एक विशिष्ट घाटी यानी ‘फ्लावर ऑफ मेडिसिनल प्लांट्स वैली’ के रूप में विकसित करना है। इससे क्षेत्र की पहचान बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका मजबूत होगी और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देकर ग्रामीणों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन इस क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करता रहेगा।
मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी चौबे, सहायक निदेशक उद्यान राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।