छठ घाटों की सुरक्षा को लेकर डीएम-एसपी का संयुक्त निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
तेतरहट, भलुई और संग्रामपुर के घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथ एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
लखीसराय। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएम एवं एसपी ने तेतरहट, भलुई और संग्रामपुर स्थित छठ घाटों पर पहुंचकर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच पथ एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों पर छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान आमलोगों की सुविधा, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।