एसएसबी जवानों के साथ डीएम ने मनाई दीपावली, छठ घाटों का भी लिया जायजा
सूर्यगढ़ा में जवानों के बीच दीप प्रज्वलित कर दीं शुभकामनाएं, छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
लखीसराय। दीपावली के पावन अवसर पर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कैंप पहुंचकर जवानों के साथ दीप प्रज्वलित कर दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने जवानों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भी दूरभाष के माध्यम से एसएसबी जवानों से बातचीत कर उन्हें दीपावली की बधाई दी। उन्होंने जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
डीएम ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर अपने परिवार से दूर रहकर देश और समाज की सुरक्षा में तत्पर रहना जवानों के त्याग, समर्पण और सेवा भावना का परिचायक है। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान रामपुर मानो पोखर घाट, पटेलपुर किऊल नदी घाट एवं वंशीपुर मैदानी चौकी किऊल नदी घाट पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की ओर से दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।