ठोस कचरा प्रबंधन-2026 के नियमों की पालना नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ होगी कार्रवाई: एडीसी दीपक बाबूलाल करवा
- एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
भिवानी, 18 अक्टूबर। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीसी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे संस्थान जो प्रतिदिन 100 किलो या इससे अधिक ठोस कचरा जनरेट करते हैं, ऐसे संस्थान, जिसका दायरा 20000 स्क्वायर मीटर से बड़ा है और ऐसे संस्थान जहां प्रतिदिन 40000 लीटर पानी का प्रयोग होता है, इन संस्थाओं का पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूरी है और इन संस्थानों के परिसर में ठोस कचरा प्रबंधन अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने वाले संस्थानो के अस्थाई तौर पर बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
एडीसी ने बताया कि जिले में ऐसे 23 संस्थाओं की पहचान की जा चुकी है। उन्होंने पंचायत विभाग और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि ठोस कचरा प्रबंधन नियम- 2026 की पालना करना अति अनिवार्य है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने पंचायत विभाग और शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे संस्थानों में ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2026 की पालना सुनिश्चित की जाए।
बॉक्स
- महाग्राम और बड़े गांवों में घर- घर से कूड़ा कलेक्शन शुरू होना स्वच्छता का अहम कदम: एडीसी
एडीसी ने समीक्षा बैठक में बताया कि ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर जिला की महाग्राम सहित 36 बड़े गांवों में घर-घर से कचरा कलेक्शन शुरू हो चुका है। इसके साथ ही गांव बड़सी गुजरान, ढाणी कुशाल, चांग, ढाणी चांग, खरक कलां, बहल, बड़वा, खानक, तोशाम के लोगों ने पंचायत को 50 रुपए प्रति महीना स्वच्छता के लिए सुविधा शुल्क भी देना शुरू कर दिया है, जो कि बहुत ही अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि यह पैसा गांव के स्वच्छता कार्य और संसाधनों पर ही खर्च होगा। इससे गांव की शोभा बढ़ेगी। उन्होंने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को स्वच्छता के बारे में प्रेरित किया जाए।
इस दौरान डीडीपीओ सोमबीर कादयान, स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश नेहरा, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से एसडीओ डॉ सतीश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।