चौ. बंसीलाल की विरासत को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं अनिरुद्ध चौधरी : संजय दत्त
तोशाम में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा पर वोट चोरी के आरोप
अनिरुद्ध चौधरी की अध्यक्षता में जुटे कांग्रेस नेता, पुतला फूंककर जताया विरोध; अनाज मंडी में बाजरे की खरीद को लेकर भी सरकार को घेरा
तोशाम, 18 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को तोशाम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। जिला ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर चुनाव में वोट चोरी करने और लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाए। प्रदर्शन में अंबाला के सांसद वरुण मुलाना, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदीप नरवाल, जिला शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया, कमल प्रधान, संजीत ख्यालिया सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाकर विरोध जताया गया।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी एवं वरिष्ठ नेता संजय दत्त ने कहा कि हरियाणा और विशेषकर भिवानी की धरती पर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने स्वर्गीय चौधरी बंसीलाल को नमन करते हुए कहा कि बंसीलाल को विकास पुरुष के रूप में जाना जाता है। उन्हें चौधरी सुरेंद्र सिंह के साथ भी काम करने का अवसर मिला। दत्त ने कहा कि चौधरी बंसीलाल, चौधरी सुरेंद्र सिंह और रणबीर सिंह महिंद्रा की विरासत को आगे बढ़ाने का काम अनिरुद्ध चौधरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन जनता को ऐसे नेताओं का साथ देना चाहिए जो अपने पूर्वजों की राजनीतिक विरासत और विकास की सोच को आगे बढ़ाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग पहले बंसीलाल और सुरेंद्र सिंह का विरोध करते थे, लेकिन आज उन्हीं की विरासत पर दावा कर रहे हैं। दत्त ने भाजपा पर चुनाव में वोट चोरी कर सत्ता हासिल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है।
जनता के मुद्दों पर सरकार को घेरा...
अंबाला के सांसद वरुण मुलाना ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने भाजपा पर मुख्य चुनाव आयुक्त के सहारे वोट चोरी कर विभिन्न राज्यों में सरकारें बनाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा हरियाणा सरकार के दो साल पूरे होने का जश्न मना रही है, जबकि किसान, मजदूर, नौजवान, व्यापारी और कर्मचारी परेशान हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
प्रदीप नरवाल ने कहा कि लोकतंत्र और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस को मजबूती से संघर्ष करना होगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि अनिरुद्ध चौधरी चौधरी बंसीलाल की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं, राव नरेंद्र ने कहा कि लोकतंत्र बचाने की लड़ाई प्रदेश, जिला, ब्लॉक और गांव स्तर तक लड़ी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आने वाले समय में हरियाणा में 70 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
अनाज मंडी में बाजरे की खरीद का मुद्दा उठाया...
प्रदर्शन के बाद अनिरुद्ध चौधरी, सांसद वरुण मुलाना सहित अन्य नेता तोशाम अनाज मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने बाजरे की खरीद को लेकर किसानों की समस्याएं उठाईं। नेताओं ने कहा कि सरकार समर्थन मूल्य पर खरीद के दावे कर रही है, लेकिन किसान बाजरा कम दामों पर बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बारिश की कमी से फसल प्रभावित होने के बाद अब खरीद व्यवस्था की परेशानी किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से किसानों की फसल की उचित कीमत सुनिश्चित करने और समर्थन मूल्य पर खरीद की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
इस अवसर पर तोशाम ब्लॉक प्रधान दिलबाग, कैरू ब्लॉक प्रधान कुलदीप, भिवानी ग्रामीण उपाध्यक्ष रेणुबाला, ब्लॉक प्रधान अनिल नेहरा, एनएसयूआई प्रधान अक्षित, सेवादल प्रधान मा. कमल आदि सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
फोटो :-